जनरल

Big News of The day: दिन की बड़ी खबरें ।।

admin

मुख्य समाचार:-

  • गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम बाद हिंसा की घटनाओं के आकलन के लिए चार सदस्यों की टीम भेजी।
  • देश में अब तक सोलह करोड़ पच्चीस लाख से अधिक कोविड टीके लगाए गए।
  • केन्द्र ने राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को सत्रह करोड़ पंद्रह लाख से अधिक कोविड वैक्सीन उपलब्ध कराईं।
  • देश में कल चार लाख 12 हजार से अधिक लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि।
  • कल तीन लाख 29 हजार से अधिक कोविड मरीज़ स्वस्थ हुए। स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 81 दशमलव नौ नौ प्रतिशत हुई।
  • केरल में आठ मई से 16 मई तक सम्पूर्ण लॉकडाउन।
  • तमिलनाडु में डी.एम.के. अध्यक्ष एम.के. स्टालिन के नेतृत्व में नई सरकार कल शपथ लेगी।
  • पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख अजीत सिंह का कोरोना संक्रमण से निधन। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दुख व्यक्त किया।
  • दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया।

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने अपर सचिव स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में चार सदस्यों की टीम आज पश्चिम बंगाल भेजी है। यह टीम राज्य में मौजूदा स्थिति का आकलन करेगी और विशेष रूप से चुनाव परिणाम के बाद हिंसा की बढ़ती घटनाओं पर विस्तृत रिपॉर्ट सौंपेगी। इससे पहले, गृह मंत्रालय ने दो मई को राज्य विधानसभा चुनावों की मतगणना प्रक्रिया संपन्न होने के बाद राज्य में हिंसा की खबरों के संबंध में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को पत्र लिखा था। यह टीम 48 घंटे के अंदर रिपोर्ट सौंप सकती है।

——–

इस बीच, पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की जांच के लिए गए विदेश राज्‍य मंत्री एम मुरलीधरन पर हमला किया गया है। श्री मुरलीधरन तृणमूल कांग्रेस के कथित अराजक तत्‍वों के हमले के शिकार भाजपा कार्यकर्ताओं के घर गए थे। कथित  राजनीतिक समर्थनप्राप्‍त कुछ लोगों की भीड़ ने केन्‍द्रीय मंत्री के काफिले पर हमला किया। मंत्री के कार में तोड़-फोड़ की गई। कई पत्रकार भी इस हमले में घायल हुए हैं।

——–

देश में अब तक 16 करोड़ 25 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि कल 19 लाख 55 हजार से अधिक कोविड वैक्‍सीन दी गयी।

पूरे देश में कल चार लाख बारह हजार दो सौ 62 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर कुल संक्रमित लोगों की संख्‍या दो करोड़ दस लाख से अधिक हो गई है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि कल तीन हजार नौ सौ 80 लोगों की मृत्‍यु हुई। अब तक कोरोना से दो लाख तीस हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

उपचार के बाद कोरोना संक्रमण से उबरने की दर 81 दशमलव नौ-नौ प्रतिशत हो गई है। कल तीन लाख 29 हजार रोगी संक्रमण मुक्‍त हुए। मंत्रालय ने बताया कि अब तक एक करोड़ 72 लाख से अधिक कोरोना रोगी स्‍वस्‍थ हो चुके हैं। अभी 35 लाख 66 हजार से अधिक मरीज़ों का उपचार चल रहा है। ये संख्‍या कुल संक्रमित लोगों का 16 दशमलव नौ- दो प्रतिशत है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने बताया कि कल विभिन्‍न प्रयोगशालाओं में 19 लाख 23 हजार कोरोना नमूनों की जांच की गई। अब तक देश में 29 करोड़ 67 लाख से अधिक जांच हो चुकी है।

——–

केन्‍द्र ने अब तक राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों को 17 करोड़ 15 लाख कोरोना वैक्‍सीन निशुल्‍क उपलब्‍ध कराई है। इसमें से टीके की बर्बादी सहित 16 करोड़ 26 लाख से अधिक टीकों का इस्‍तेमाल हो चुका है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि अब भी राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों के पास 89 लाख से अधिक वैक्‍सीन उपलब्‍ध हैं। वैक्सीन की कमी वाले राज्‍य टीके की आपूर्ति की तुलना में अधिक उपयोग दिखा रहे हैं, क्‍योंकि उन्‍होंने सशस्‍त्र बलों को दी गई वैक्‍सीन को समायोजित नहीं किया है।

मंत्रालय ने बताया कि अगले तीन दिन के दौरान राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों को 28 लाख से अधिक अतिरिक्‍त वैक्सीन मिल जाएंगी।

भारत सरकार कोविड महामारी की रोकथाम के लिए राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों के साथ मिलकर हर संभव उपाय कर रही है। टीकाकरण कोविड से निपटने में सरकार की पांच सूत्रीय रणनीति – जांच, निगरानी, उपचार और एहतियाती उपाय के साथ रोकथाम तथा प्रबंधन के महत्‍वपूर्ण उपाय है।

——–

सरकार ने कहा है कि 12 राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों में कोरोना संकमण में कमी के संकेत मिल रहे हैं। इनमें महाराष्‍ट्र, उत्‍तर प्रदेश, छत्‍तीसगढ, गुजरात, झारखंड और लद्दाख शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्‍त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 12 राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों में वर्तमान समय में एक लाख से अधिक रोगी हैं।

जो डेथ रिपोर्ट हुए हैं उसकी संख्‍या में थोड़ी वृद्धि नोटिस की जा रही है। जिसमें मुख्‍यतमहाराष्‍ट्रकर्नाटकाआन्‍ध्र प्रदेशदिल्‍ली और हरियाणा से अधिक केसेज़ रिपोर्ट हुए हैं। अगर एक्टिव केसेज़ की दृष्टि से देश में जो केसेज़ आये हैं उनको ऐनालाइज़ करें तो 12 स्टेट्स ऐसी हैं जहां पर कि एक लाख से अधिक एक्टिव केसेज़ हैं। 50 हजार से एक लाख एक्टिव केसेज सात स्‍टेट्स में हैं और इसी तरह से लैस दैन 50 थाउज़ेंड एक्टिव केसेज़ 17 स्‍टेट में हैं। इनमें भी देखें तो महाराष्‍ट्राकर्नाटकाकेरलाउत्‍तर प्रदेश और आन्‍ध्र प्रदेश में करीब डेढ़ लाख से अधिक एक्टिव केस नोट किये गये हैं।

प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के विजय राघवन ने कहा है कि कोरोना के वर्तमान स्‍वरूप में टीके बहुत प्रभावकारी हैं। उन्‍होंने कहा कि वायरस के विभिन्‍न स्‍वरूप समूचे विश्‍व और भारत में भी आएंगे, जो अधिक संक्रमण फैलायेंगे। श्री राघवन ने कहा कि यह समय सबके लिए मिलजुल कर काम करने का है।

श्री राघवन ने कहा कि भारत और विश्‍व इस महामारी से बाहर निकलेंगे और इसे नियंत्रित करने में मास्‍क और सुरक्षित दूरी सबसे प्रभावी उपाय हैं।

——–

केंद्र सरकार ने कल कोवि़ड महामारी से पूर्वी भारत के पांच राज्यों की निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने नीति आयोग के स्वास्थ्य-सदस्य डॉ विनोद के पॉल के साथ पूर्वी राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। समीक्षा बैठक में इन राज्यों की कोविड महामारी की रोकथाम और प्रबंधन व्यवस्था का आकलन किया गया। प्रमाणों से पता चला है कि महामारी पूर्व की ओर बढ़ रही है और इन राज्यों में मृत्यु दर बढ़ने के साथ ही रोज़ाना संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी देखी गई है।

बैठक के दौरान इन राज्यों में  कोविड महामारी के मौजूदा चरण से निपटने के लिए पांच महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की गई। अस्पतालों में गंभीर रूप से संक्रमित ​​मरीजों की स्वास्थ्य सेवा और उपचार प्रबंधन में मानव संसाधन के अहम महत्व पर ज़ोर देते हुए राज्यों को सलाह दी गई कि वे आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों से जुड़े सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के प्रदर्शन आधारित भुगतान और सहायक नर्सों को प्रोत्साहन राशि का समय से भुगतान सुनिश्चित करें। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत राज्यों को दी जाने वाली राशि का इस्तेमाल किया जा सकता है।

——–

नीति आयोग के स्वास्थ्य से संबद्ध सदस्य डॉक्टर वी.के. पॉल ने कहा कि नोवेल कोरोना वायरस के परिवर्तित रूप का कोई अलग उपचार नहीं है। डॉ. पॉल ने चिकित्सकों से घर पर उपचार करा रहे कोविड मरीजों को टेलीफोन पर परामर्श देने का अनुरोध किया है।

हमें एक माहौल पैदा करना है कि हम सबको अगर जरूरत पड़ती है तो सामने हो कि मैं यहां फोन करूं, चाहे वो एक हेल्पलाइन बन जाए मल्टीपल हेल्पलाइन बन जाए, चाहे इंडिविजुअल्स का नाम आए चाहे अखबार में आ जाए या पता लगे कि यहां इस शहर में किसको फोन कर सकते हैं, या स्टेट लेवल पर ऐसा सिस्टम बने इसकी बहुत जरूरत है। लगभग सब स्टेट्स ने अपने तरीके से ऐसे हेल्पलाइन बनाई  हुई हैं लेकिन उसको इंम्पलीमेंट करने की जरूरत है तो एक रिक्वेस्ट है कि ऐसे फिजिशियन कम्युनीटी है, प्रोफेशनल की टीम है इसमें जुड़ें तो बहुत मदद होगी।

——–

केरल सरकार ने बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण समूचे राज्‍य में आठ मई से 16 मई तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि केरल में शनिवार सुबह 6 बजे से पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। आधिकारिक आदेश आज शाम जारी किये जायेंगे। राज्‍य में कोरोना संक्रमण के बढते मामले को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कल कोविड के 41 हजार 953 मामलों की पुष्टि हुई है। संक्रमित होने की दर 25 दशमलव छह-नौ प्रतिशत है। केरल में तीन लाख 75 हजार से अधिक कोरोना संक्रमित लोग हैं।

——–

तमिलनाडु में कल 23 हजार से अधिक लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एक लाख 25 हजार से अधिक कोविड रोगियों का उपचार चल रहा है। कल कोविड से 160 लोगों की मृत्यु हुई।

इस बीच, कोविड महामारी को देखते हुए सरकार ने नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। प्रतिबंध 20 मई तक लागू रहेंगे।

राज्य में आज से 20 मई तक नए प्रतिबंध लागू किए जा रहे हैं। मेट्रो, रेल और बस जैसी परिवहन सेवाएं 50 प्रतिशत क्षमता के साथ परिचालित होंगी। निजी और सरकारी संस्थानों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की ही अनुमति होगी। किराना, सब्जी की दुकानें और चाय की दुकानें बिना वातानुकूलन सेवा के दोपहर 12 बजे तक खोली जा सकेंगी। सभागारों, खुले स्थानों पर बैठकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध रहेगा। अंतिम संस्कार में केवल 20 लोगों और विवाह में 50 लोगों की ही अनुमति होगी। कर्फ्यू रविवार को भी जारी रहेगा। स्विगी और जौमेटो जैसी ई-कॉमर्स गतिविधियां सीमित समय के साथ जारी रहेंगी। आवश्यक सेवाएं, मीडिया, चिकित्सा आपातकालीन सेवाएं, ढुलाई की हर समय अनुमति होगी। रात्रि कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक लागू रहेगा।

——–

उधर, हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण तेज़ी से फैलने के कारण कल से पूरे राज्य में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है।

मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्‍यक्षता में शिमला में आयोजित राज्‍य मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश में कोविड 19 की स्थिति की समीक्षा की गई। वायरस की चेन तोड़ने के लिये मंत्रिमंडल ने राज्‍य में सात मई से आगामी 16 मई की मध्‍यरात्रि तक सम्‍पूर्ण राज्‍य में कोरोना कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। इस अवधि के दौरान सभी सरकारी और निजी कार्यालय एवं संस्‍थान बंद रहेंगे। कर्फ्यू के दौरान स्‍वास्‍थ्‍य, बिजली, दूरसंचार, जलापूर्ति, स्‍वच्‍छता इत्‍यादि सभी आवश्‍यक सेवाएं जारी रहेंगी। नागरिक कार्य-स्‍थलों, बागवानी एवं कृषि स्‍थलों और अन्‍य परियोजना स्‍थलों पर कार्य जारी रहेंगे। राज्‍य में शिक्षण संस्‍थान भी आगामी 31 मई तक बन्‍द रहेंगे। सभी सरकारी और निजी परिवहन सेवायें 50 प्रतिशत क्षमता के साथ परिचालित होंगी और अंतर्राज्‍यीय परिवहन सेवायें भी जारी रहेंगी। वहीं औद्योगिक संस्‍थान राज्‍य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करेंगे। हिमाचल बोर्ड की कक्षा दसवीं की परीक्षा रद्द करने और छात्रों को ग्‍यारहवीं कक्षा में प्रमोट करने का फैसला भी किया है। बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षायें और महाविद्यालयों की वार्षिक परीक्षायें आगामी आदेशों तक निलंबित रहेंगी।

——–

लेह जिले में सोमवार सुबह तक लॉकडाउन लगा दिया गया है। जिला प्रशासन अध्यक्ष ने जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अतिरिक्त प्रतिबंध लागू किए हैं।

कोविड सकारात्मक मामलों की संख्या में खतरनाक वृद्धि के बाद, लेह डीडीएमए ने जिले में अतिरिक्त प्रतिबंधों का आदेश दिया। पिछले सप्ताहांत के कोविड कर्फ्यू के बाद, फिर से अस्सी घंटे का तालाबंदी का आदेश दिया गया जो लेह जिले में आज रात नौ बजे से शुरू हो कर सोमवार सुबह पांच बजे तक रहेगा। प्रतिबंधित अवधि के दौरान, सभी सरकारी, न्यायिक कार्यालय, बिजली, पानी, बैंक, वाणिज्यिक सेवाएं जैसे पेट्रोल पंप, कोल्ड स्टोरेज, एटीएम, सेना और अर्धसैनिक संचालन, कोविड टीकाकरण, परीक्षण और चिकित्सा सेवाएं और सार्वजनिक परिवहन को नियमित अनुमति है। डीडीएमए ने अप्रत्याशित आपात स्थितियों के लिए हेल्पलाइन और ई-पास सुविधाओं की भी व्यवस्था की। पर्यटक अपने टिकट या बोर्डिंग पास दिखा कर लॉकडाउन के दौरान अपनी जगह पहुंच सकते हैं।

——–

जम्‍मू-कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के वरिष्‍ठ अधिकारियों केा निर्देश दिया है कि वे कश्‍मीर डिवीजन में एक हजार पचास अतिरिक्‍त ऑक्‍सीजन बिस्‍तरों की व्‍यवस्‍था करे। उपराज्‍यपाल ने श्रीनगर में वरिष्‍ठ चिकित्‍साकर्मियों के साथ कोविड की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि अतिरिक्‍त बिस्‍तरों की व्‍यवस्‍था एक सप्‍ताह के भीतर की जाए। श्री सिन्‍हा ने यह निर्देश भी दिया कि एम्‍बुलेंस सेवाओं में इस तरह से सुधार लाया जाए कि वे जरूरत पड़ने पर रोगियों को तत्‍काल उपलब्‍ध हों।

——–

मध्य प्रदेश में कल 12 हजार 319 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 71 लोगों की मौत हुई। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसे मिलाकर राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या छह लाख 24 हजार 985 और मृतकों की संख्‍या छह हजार 74 हो गई है।

प्रदेश में कोरोना के साप्ताहिक नए मामलों में गिरावट आई है। राज्य की साप्ताहिक पोजिटीविटी दर 20 दशमलव तीन प्रतिशत है जबकि रिकवरी दर 84 दशमलव सात प्रतिशत और मृत्यु दर एक प्रतिशत है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 89,244 है। वहीँ संक्रमण से कुल 9,643 रोगी स्वस्थ्य हुए हैं। 12 जिलों में कोविड के 200 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। भोपाल में 11,107 ऐसे मामले हैं।

इस बीच, मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ और दिनों तक कड़े उपायों को अपनाकर संक्रमण की श्रृंखला को पूरी तरह से तोड़ने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों का जीवन बचाना सरकार की प्राथमिकता है।

——–

बिहार में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। कल 14 हजार 836 कोविड के नये मरीज सामने आये। इस दौरान एक सौ 61 लोगों की कोविड से मृत्‍यु हुई है। अब तक दो हजार 987 लोग इस महामारी का शिकार हो चुके हैं।संक्रमण दर लगभग 16 प्रतिशत हो गई है।

स्वस्थ होने की दर घटकर 78 दशमलव तीन-आठ प्रतिशत रह गई है। संक्रमण से अब तक चार लाख बीस हजार से अधिक लोग उबर चुके हैं।

बिहार में कल करीब एक लाख दो हजार से अधिक कोविड टीके लगाए गए। राज्य में अब तक 76 लाख 60 हजार छह सौ सत्तर टीके लगाए जा चुके है।

——–

गुजरात में कल 12 हजार 955 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। पिछले 24 घंटे में 12 हजार 995 रोगी स्‍वस्‍थ हुए।

गुजरात में कोविड-19 संक्रमण के सबसे अधिक चार हजार एक सौ 74 नये मामले अहमदाबाद में सामने आए, जबकि सूरत में एक हजार एक सौ 68 नए मामले  दर्ज किए गए। कल राज्य में एक सौ 33 मरीजों की मृत्यु हो गई। राज्य में इस वक्त 1 लाख 48 हजार 124 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 792 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इस बीच गुजरात में कल 1 लाख 32 हजार तीन सौ 84 लोगों को कोविड-19 के खिलाफ टीके लगाये गए। श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा प्रभास पाटन के स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए 50 लाख रुपये का दान दिया गया है। श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा अपने लीलावती अतिथि भवन में कोविड केयर सेंटर भी चलाया जा रहा है।

——–

महाराष्ट्र इस समय कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को रोकने के लिए प्रयास कर रहा है। उच्चतम न्यायालय ने कल ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए मुम्बई द्वारा किए गए उपायों की प्रशंसा की थी।

पिछले साल मार्च में मुंबई मे कोरोना का पहला मरीज दर्ज किया गया था। तभी से मुंबई का प्रशासन आरोग्य सुविधा बढाने पर जोर दे रहा है। उस समय मुंबई में  कोरोना की जांच करने वाली एक भी लैब नहीं थी। आज सरकारी लैब के अलावा 50 से ज्यादा निजी लैब में कोरोना की जांच की जा सकती है। पिछले महीने मुंबई में एक दिन में 50 हजार से ज्यादा सैम्पल की जांच की गई। मुंबई नगर निगम ने सभी 24 वार्ड के लिए वार रुम का गठन किया है। इनके साथ 10 एम्‍बुलेंस भी हैं। यह वार रुम, सरकारी तथा निजी अस्पतालों में मरीजो को बेड उपलब्ध कराने में सहायता करते हैं। इसी दौरान मुंबई में कुछ जंबो कोविड सेंटर भी बनाए गए। आज मुंबई में 31 हजार से ज्यादा बेड कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। जिनमें से लगभग 13 हजार ऑक्‍सीजन सुविधा के साथ है और 3 हजार आईसीयू बेड्स है। ऑक्‍सीजन की सुविधा निरंतर मिलती रहे इसके लिए 6 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नगर निगम के 2 अस्पतालों मे ऑक्‍सीजन संयत्र लगे हुए हैं और अन्य 12 जल्द ही शुरू होंगे।

——–

छत्‍तीसगढ में जनप्रतिनिधि,‍ सामाजिक संगठन और जन सामान्‍य राज्‍य में कोविड संकट से निपटने में महत्‍वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में क्षेत्र के सांसद और विधायकों के आर्थिक सहयोग से जिला अस्पताल में आठ वेंटिलेटर और मेडिकल ऑक्सीजन के लिए तीन सौ जम्बो सिलेंडरों की व्यवस्था की गई है। बलौदाबाजार जिले के जिला मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से मिले आर्थिक सहयोग के साथ ही जिला खनिज निधि से छह सौ बिस्तरों वाले कोविड केयर अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, रायपुर में जैन समाज के सहयोग से सौ बिस्तरों वाला कोविड अस्पताल तैयार किया गया है। इसमें 6 आईसीयू बेड और 42 ऑक्सीजन युक्त बेड भी हैं। दुर्ग जिले में श्रीराम जन्मोत्सव समिति की पहल पर पचास से अधिक लोगों ने प्लाज्मा दान किया है। इसी तरह, बालोद जिले में एम्बुलेंस की कमी को देखते हुए माहेश्वरी समाज ने एम्बुलेंस वाहन प्रदान किया है। राजनांदगांव जिले में मूर्तिकार और चित्रकार मिलकर ग्रामीण इलाकों में घरों को सैनिटाइज कर रहे हैं। इसी जिले के गैस वेल्डिंग करके अपनी आजीविका चलाने वाले परमेश्वर मिस्त्री ने मानवीयता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। अपनी आजीविका का एक मात्र साधन सिलेंडर को स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दिया है। 

——–

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल सभी उपायुक्तों के साथ कोविड की स्थिति की वीडियो कांफ्रेंस के माध्‍यम से समीक्षा कर रहे हैं। कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित है। इससे पहले भी मुख्‍यमंत्री ने विभिन्न जिला अधिकारियों के साथ कोविड की स्थिति की समीक्षा की थी।  राज्‍य में कल  कोविड के 4 हजार 800 मामलों का पता चला और 55 व्‍यक्ति इसका शिकार हुए।

——–

पूर्वोत्‍तर सीमांत रेलवे ने पूर्वोत्‍तर में कोविड महामारी से निपटने में राज्‍य सरकारों की मदद के लिए कई उपाय किए हैं। नगालैंड सरकार को कोविड के मरीजों के उपचार के लिए रेल के दस डिब्‍बे उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्‍येक डिब्‍बे में 16 बिस्‍तरों के साथ ऑक्सीजन की सुविधा भी उपलब्‍ध है।

——–

स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय ने मीडिया की इन खबरों का खंडन किया है कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सीमा शुल्‍क विभाग के गोदाम में मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। मंत्रालय ने इन खबरों को पूरी तरह गलत और बे-बुनियाद बताया।

केन्‍द्रीय अप्रत्‍यक्ष कर और सीमा शुल्‍क बोर्ड ने स्‍पष्‍ट किया कि कस्‍टम विभाग के गोदाम में ऑक्‍सीजन का कोई भी कंसंट्रेटर लंबित नहीं है। बोर्ड ने कहा कि सीमा शुल्‍क अधिकारी सभी खेपों को तुरंत मंजूरी दे रहे हैं। बोर्ड ने कहा कि ऑक्‍सीजन कंसंट्रेटर की आपूर्ति निर्दिष्‍ट देखभाल संस्‍थानों को कर दी जाती है । बोर्ड ने कहा कि राहत सामग्री सड़क मार्ग या विमानों से भेजी गई है। बोर्ड ने कहा कि कस्‍टम अधिकारी ऑक्‍सीजन और संबंधित उपकरणों सहित आयाति‍त राहत सामग्री की जरूरत के प्रति बहुत ही संवदेनशील है और इन्‍हें मंजूरी देने के लिए चौबीसों घंटे तेज गति से काम कर रहे हैं।

——–

विदेशमंत्री डॉ एस जयशंकर ने कल वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जी-7 समूह देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। बैठक के समापन के बाद डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा है कि कोविड महामारी सहित आपसी और वैश्विक हित के विभिन्न मुद्दों पर केन्द्रित यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण रही। विदेश मंत्री ने कहा कि बैठक में जिन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई उनमें कोविड महामारी की चुनौती का एकमात्र स्थायी समाधान टीकाकरण बताया गया।

——–

भारत में इटली के राजदूत विन्सेन्ज़ो डी लुका ने ग्रेटर नोएडा के आईटीबीपी रेफरल अस्पताल में ऑक्सीजन संयंत्र का शुभारंभ किया। इस संयंत्र से एक समय में अस्पताल के एक सौ से अधिक बिस्तरों पर कोविड रोगियों को ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी। आईटीबीपी के अपर महानिदेशक मनोज सिंह रावत ने संयंत्र स्थापित करने के लिए इटली के राजदूत का आभार व्यक्त किया।

——–

बृहन् बंगलुरू महानगर पालिका के मुख्‍य आयुक्‍त गौरव गुप्‍ता ने कहा है कि कोविड संक्रमण में बढ़ोतरी से अस्‍पतालों पर दबाव बढ़ रहा है, क्‍योंकि आईसीयू और ऑक्‍सीजन सुविधा युक्‍त बिस्‍तरों की मांग बढ़ रही है। बंगलुरू शहरी जिले में कल 23 हजार एक सौ छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। आज संवाददाताओं से बातचीत में उन्‍होंने बताया कि ऑक्‍सीजन कन्‍संट्रेटर की सुविधा युक्‍त बिस्तरों की संख्‍या बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बीबीएमपी चीफ कमिश्‍नर गौरव गुप्ता ने जानकारी दी है कि 168 बिस्‍तरों को ऑक्सीजन सुविधा पहुंचा दी गई है और तय किया गया है कि कुल 2000 बिस्‍तर जो कोविड केयर सेंटर में लगे हैं उनमें से 50 प्रतिशत को ऑक्सीजन बेड में तब्‍दील किया जाएगा। शहर के 15 होटलों के साथ बातचीत चल रही है कि उनके 945 बेड्स को कोविड केयर सेंटर के तौर पर बदला जाए। चीफ कमिश्‍नर का मानना है कि 25 से 30 प्रतिशत रोगी जो आईसीयू में भर्ती है उन्‍हें अन्‍य चिकित्‍सा वार्ड में शिफ्ट हो जाना चाहिए ताकि गंभीर समस्‍या से जूझ रहे रोगियों को वहां जगह मिल पाए।

——–

तमिलनाडु में, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के नेतृत्व में नई सरकार के मंत्रियों को कल शपथ दिलाई जायेगी। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित कल सुबह 9 बजे चेन्नई के राजभवन परिसर में आयोजित होने वाले एक सादे समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। इससे पहले, राज्यपाल ने  पार्टी विधायकों के समर्थन पत्र सौंपने के बाद श्री स्टालिन को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था।

राजभवन परिसर डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और उनके नये मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण के लिए तैयार किया जा रहा है। एक दशक के बाद, डीएमके पार्टी सत्ता में वापस आई है। डीएमके पार्टी ने हाल के विधानसभा चुनावों में 133 सीटों पर जीत हासिल की है। यह छठी बार है जब डीएमके राज्य में सत्ता में आई है और श्री स्टालिन पहली बार इसका नेतृत्व कर रहें हैं। इस बीच, प्रमुख विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके और इंडियन नेशनल कांग्रेस के विधायक दल की बैठक कल चेन्नई में होगी।

——–

पश्चिम बंगाल में आज 143 नव निर्वाचित विधायकों को विधानसभा में शपथ दिलाई जा रही है। 64 विधायकों ने पहले चरण में सुबह 11 बजे से दिन  एक बजे तक शपथ ली। इस चरण में कोलकाता, उत्‍तरी और दक्षिणी चौबीस परगना के विधायकों को शपथ दिलाई गई। तृणमूल कांग्रेस के विधायक शशि पांजा ने सबसे पहले शपथ ली।

दूसरे चरण में दिन के दो बजे से शाम चार बजे तक 69 विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। अन्‍य 147 विधायक कल शपथ लेंगे।

——–

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख चौधरी अजीत सिंह का कोरोना संक्रमण से आज सुबह निधन हो गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजीत सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जनप्रतिनिधि और मंत्री के रूप में अजीत सिंह ने देश की राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजीत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह हमेशा किसानों के हित के लिए समर्पित रहे। उन्‍होंने केन्‍द्र में विभिन्‍न विभागों का दायित्‍व भी बड़ी कुशलता से निभाया। सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी अजीत सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

——–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश भाजपा के संयुक्त महासचिव-संगठन भवानी सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने कहा कि भवानी सिंह ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

——–

जम्मू-कश्मीर में शोपियां जिले के कनिगाम इलाके में आज तड़के सुरक्षाबलों ने अलबद्र गुट के तीन आतंकवादी मार गिराए। एक आतंकवादी ने सुरक्षाबलों के सामने समर्पण कर दिया।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह ने आकाशवाणी को बताया सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने आतंकवादियों को समर्पण करने का पूरा अवसर दिया।

कल शाम पुलिस आर्मी और सीआरपी की पार्टीज़ गश्‍त पर शोपियां जिले के बीच में थीं जिस दौरान एक जगह पे पार्टी को इत्तिला मिली कि वहां पर टेरेरिस्‍ट जो छिपे हुए हैं पार्टी ने उस एरिया का घेराव किया और पार्टी के ऊपर कुछ फायरिंग हुई। उसके बाद पार्टी ने अपनी पोजिशन लेने के बाद मौका दिया टेरेरिस्‍ट्स को कि वो सरेंडर करें। उनके घरवालों को बुलाया गया, घरवालों के जरिये से भी ये डील करी गई सरेंडर करने की। इसमें एक दहशतगर्द ने सरेंडर किया और उसने भी अपील की बाकी लोगों को कि फोर्सेस ने बहुत अच्‍छे से उसको ट्रीट किया है और बाकी लोग भी सरेंडर करें। मगर वो नहीं माने, फिर से फायरिंग उन्‍होंने शुरू करी जिसके दौरान तीनों टेरेरिस्‍ट मारे गए। ये चार के चार दहशतगर्द जो है अल-बद्र आउटफिट के हैं और लोकल हैं जिसमें से तीन मारे गए और एक सरेंडर किया और काफी बड़ी मिकदार में असला और एम्‍यूनिशन इसमें पकड़ा गया है।

——–

बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय ने महाराष्‍ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को अंतरिम सुरक्षा देने से इंकार कर दिया है। श्री देशमुख ने अदालत से भ्रष्‍टाचार के मामले में शुरूआती जांच के बाद उनके खिलाफ दायर सीबीआई की एफ.आई.आर. अमान्‍य करने का अनुरोध किया था।

——–

महान संगीतकार, भारत रत्‍न पंडित भीमसेन जोशी का जन्‍म शताब्‍दी वर्ष मनाया जा रहा है। इस अवसर पर संगीत सभाओं के साथ-साथ पंडित भीमसेन जोशी की स्‍मृतियों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उनका गायन हमेशा से लोगों के मन मस्तिष्‍क को प्रफुल्लित करता रहा है। 

Source: AIR Newsonair

The mainstream media establishment doesn’t want us to survive, but you can help us continue running the show by making a voluntary contribution. Please pay an amount you are comfortable with; an amount you believe is the fair price for the content you have consumed to date.

happy to Help 9920654232@upi 

Dr.Ashwani Mahajan and the Swadeshi Jagran Manch: A Key Voice in India's Economic Policy

DMF घोटाला: EOW ने कोर्ट में पेश की 6000 पन्नों की चार्जशीट, IAS रानू साहू समेत 9 आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुए पेश

Virat Kohli Celebrates as RCB Ends 17-Year Wait Against CSK in Chennai

Ghibli-Style AI Portraits: How to Create Them with Grok 3 and ChatGPT?

Swati Sachdeva Faces Backlash for Joke About Mothers